10 लाख के पार हुआ देश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा, स्थिति हुई खतरनाक

नई दिल्ली: भारत में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 10 लाख के पार कर गया है। देश में गुरूवार को कोरोना पॉजिटिव के 32 हजार से अधिक मामले सामने आये। यह एक ​दिन में सामने आये सबसे अधिक मामले हैं। COVID-19 से 606 लोगों की मौत हो गयी। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या 24,915 पहुंच गयी है।

Covid19india.org के मुताबिक देश में अब कोरोना वायरस के 10 लाख से ज्यादा मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं देश में कोरोना रिकवरी रेट 63.25% पर पहुंच गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार देश में एक दिन में कोरोना पॉजिटिव के 32,695 मामले सामने आए। इनमें 80 फीसदी मामले महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के हैं।

महाराष्ट्र रहा अव्वल

महाराष्ट्र में 7,975, तमिलनाडु में 4,496, कर्नाटक में 3,176, आंध्र प्रदेश में 2,432, उत्तर प्रदेश में 1,659, दिल्ली में 1,647, तेलंगाना में 1,597, पश्चिम बंगाल में 1,589 और बिहार में 1,329 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आये।
ICMR के मुताबिक देश में 15 जुलाई तक 1,27,39,490 नमूनों की जांच की जा चुकी है। बीते बुधवार को ही 3,26, 826 सैंपल की जांच की गई।

बीते 24 घंटे में कोरोना से 606 लोगों की मौत हुई। इसमें महाराष्ट्र में 233, कर्नाटक में 86, तमिलनाडु 68, आंध्र प्रदेश में 44, दिल्ली में 41, उत्तर प्रदेश में 29, पश्चिम बंगाल में 20, जम्मू कश्मीर में 11, तेलंगाना में 11, गुजरात में 10, मध्य प्रदेश में 9, पंजाब में आठ, हरियाणा में सात, असम में 6, बिहार में 6 और राजस्थान में पांच लोगों की मौत शामिल हैं।

Covid-19 से अब तक कुल 24,915 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में 10,928, दिल्ली में 3,487, तमिलनाडु में 2,167, गुजरात में 2,079, उत्तर प्रदेश में 1,012, पश्चिम बंगाल में 1,000, कर्नाटक में 928, मध्य प्रदेश में 682 और राजस्थान में 530 लोग मरे हैं।

देश में हालत हुए बदतर

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने ट्वीट करके बताया कि देश में अब कोरोना वायरस रिकवरी रेट 63.25% हो चुका है। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि देश में कोविड-19 संक्रमण के ज्यादातर मामले मामूली लक्षण वाले हैं। मात्र 0.32% मरीज वेंटिलेटर पर हैं और 3% से भी कम मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत है।

स्वास्थ्य मंत्री के सांत्वना देने वाले ट्वीट के बाद भी देश में कोरोना के दिन ब दिन बिगड़ते जा रहे हैं। महाराष्ट्र में संक्रमण के सबसे अधिक 2,75,640 मामले सामने आए। इसके बाद तमिलनाडु में 1,51,820, दिल्ली में 1,16,993, कर्नाटक में 47,253, गुजरात में 44,552, उत्तर प्रदेश में 41,383 और तेलंगाना में 39,342 लोग संक्रमित पाए गए।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम मंत्रालय के आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों से मिलान कर रहे है।’’