सुशील मोदी को केंद्र सरकार में अहम पद मिलने की संभावना

पटना: पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी का अब क्या होगा?, यह सवाल सियासी बहस में आ गया है लेकिन जवाब यही मिल रहा है कि उनको केंद्र में महती जिम्मेवारी दी जा रही है। लेकिन यह सांत्वना है या सच्चाई, आनेवाला समय ही बतायेगा।

15 साल से नीतीश के साथ थी जोड़ी

पिछले 15 साल से नीतीश और सुशील मोदी की जोड़ी ने बिहार में सुशासन की नई कहानियां लिखी, लेकिन अब के हालात में उनके सियासी भविष्य को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। शपथ ग्रहण समारोह में आये अमित शाह और जेपी नड्डा से उनकी दूरी सबने देखी।

लालू परिवार पर रहते थे हमलावर

संघ के बैकग्राउंड से आने वाले सुशील मोदी का कद 15 साल तक भाजपा में बड़ा था। उनके बारे में कहा जाता है कि भाजपा को बिहार में जिंदा रखने में उनकी अहम भूमिका थी। राजद प्रमुख लालू प्रसाद के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाने वाले सुशील मोदी एकलौते चेहरा थे। उन्होंने ही लालू के खिलाफ न केवल मोर्चा खोला बल्कि उनके भ्रष्टाचार को उजागर भी किया।

केंद्र भेजने की अब बात

अब उनको केंद्र की राजनीति में लाने की बात कही जा रही है। सूत्र बता रहे हैं कि उनको दिवंगत रामविलास पासवान की जगह राज्यसभा भेजकर भाजपा उन्हें मोदी सरकार में अहम जिम्मेदारी दे सकती है। चिराग पासवान की हरकत के बाद यह सीट लोजपा को मिलने की उम्मीद ही नहीं है।

अहम मंत्रालय की संभावना

माना जा रहा है कि जीएसटी और अर्थवयस्था के बारे में जितनी बेहतर व बारीकी तरीकी से सुशील मोदी जानते हैं, उतना आज के दौर के बहुत कम ही नेता समझते होंगे। अरुण जेटली भी इस बात को मानते थे। जीएसटी काउंसिल में भी मोदी का कद बड़ा था। उनके समर्थक मानते हैं कि सुशील मोदी को वित्त या वाणिज्य मंत्रालय जैसी बड़ी ज़िम्मेदारी दी जा सकती है।

अजय वर्मा
अजय वर्मा
समाचार संपादक