Live video: अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन प्रारंभ

0
1300

अयोध्या: भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या का भूमि पूजन कार्यक्रम शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12 बजकर 15 मिनट और 15 सेकंड पर राम मंदिर का भूमिपूजन करना शुरू किया। खास बात यह है कि भगवान श्रीराम ने अभिजीत मुहूर्त में जन्म लिया था और उसी मुहूर्त में आज मंदिर के लिए भूमिपूजन शुरू हुआ।

भूमि पूजन के लिए अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है, वहीं भगवान रामलला को रत्न जड़ित हरे रंग के वस्त्र पहनाकर तैयार किया गया है। अयोध्या में हर तरफ उल्लास नजर आ रहा है। लोग सड़कों पर उतर आए हैं। रामभक्त सड़कों पर कीर्तन और जय श्रीराम के नारे लगा रहे हैं।

राम मंदिर पूजन के शुभ अवसर पर भाजपा साहित सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने देश को बधाई दी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी इस मौके पर देश को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया है, ‘

राम-मंदिर निर्माण के शुभारंभ पर सभी को बधाई! मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के मंदिर का निर्माण न्यायप्रक्रिया के अनुरूप तथा जनसाधारण के उत्साह व सामाजिक सौहार्द के संबल से हो रहा है। मुझे विश्वास है कि मंदिर परिसर, रामराज्य के आदर्शों पर आधारित आधुनिक भारत का प्रतीक बनेगा।’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मौके पर बधाई देते हुए ट्वीट किया है, ‘भूमि पूजन के मौक़े पर पूरे देश को बधाई भगवान राम का आशीर्वाद हम पर बना रहे। उनके आशीर्वाद से हमारे देश को भुखमरी, अशिक्षा और ग़रीबी से मुक्ति मिले और भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बने। आने वाले समय में भारत दुनिया को दिशा दे। जय श्री राम! जय बजरंग बली!’