Thursday, November 19, 2026

शादी का कार्ड या रसूख का तमगा? ‘छोटे सरकार’ के न्योते पर दिखावे की होड़!

किसी के लिए यह शादी का निमंत्रण है, तो किसी के लिए सोशल मीडिया पर अपनी पहुंच, पहचान और रसूख दिखाने का मौका। कार्ड की तस्वीर साझा कर ऐसे इतराते लोग, मानो कोई बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली हो!

-Advertise with US-

अभय वाणीः बिहार में शादियां पहले भी होती थीं, बड़े घरानों में आज भी होती हैं और रसूखदारों के यहां मेहमानों का जमावड़ा भी कोई नई बात नहीं है। लेकिन इस बार एक शादी का निमंत्रण पत्र ही अपने आप में चर्चा का विषय बन गया है। मामला मोकामा के विधायक अनंत सिंह उर्फ ‘छोटे सरकार’ की बेटी शिवांगी सिंह की शादी का है। शादी 25 नवंबर को होनी है, लेकिन उसके निमंत्रण पत्र ने शादी से पहले ही सोशल मीडिया पर अलग तरह की हलचल पैदा कर दी है।

दिलचस्प यह है कि चर्चा सिर्फ कार्ड की भव्यता, उसकी डिजाइन या उसमें दर्ज जानकारियों तक सीमित नहीं है। कार्ड पाने वाले कुछ लोग इसे सोशल मीडिया पर ऐसे साझा कर रहे हैं, जैसे उन्हें कोई विशेष सम्मान हासिल हो गया हो। तस्वीर के साथ ऐसा भाव प्रदर्शित किया जा रहा है, मानो किसी बेहद खास और विशिष्ट व्यक्ति की ओर से व्यक्तिगत तौर पर कोई राजकीय निमंत्रण प्राप्त हुआ हो।

निमंत्रण पत्र नहीं, रसूख का प्रमाणपत्र!

सोशल मीडिया पर कार्ड की तस्वीरें साझा करने का सिलसिला देखकर एक सवाल सहज ही उठता है कि आखिर इस निमंत्रण पत्र में ऐसा क्या है, जिसे पाना और दिखाना कुछ लोगों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है? क्या यह सिर्फ एक पारिवारिक समारोह का निमंत्रण है या फिर इसके पीछे किसी प्रभावशाली व्यक्ति से अपनी नजदीकी प्रदर्शित करने की सामाजिक होड़ भी है?

कार्ड की चर्चा इसलिए भी है कि इसमें वर-वधू के परिचय के साथ परिवार की विस्तृत जानकारी और दूल्हे की अमेरिकी यूनिवर्सिटी से एमबीए की शैक्षणिक योग्यता तक का उल्लेख है। यानी निमंत्रण पत्र सिर्फ विवाह समारोह की सूचना नहीं देता, बल्कि दोनों परिवारों का परिचय भी सामने रखता है।

- Advertisement -

आखिर यह कैसी मानसिकता है?

किसी के घर शादी हो, वह अपनी खुशी और सामर्थ्य के अनुसार आयोजन करे, भव्यता दिखाए या सादगी अपनाए, यह पूरी तरह उसका निजी मामला है। किसी को शादी का निमंत्रण देना भी सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक है। लेकिन निमंत्रण पाने वाले व्यक्ति के लिए उस कार्ड को अपनी सामाजिक हैसियत का तमगा बना लेना किस मानसिकता का परिचायक है?

क्या किसी प्रभावशाली व्यक्ति के यहां से निमंत्रण मिल जाना अब सामाजिक प्रतिष्ठा का नया पैमाना बनता जा रहा है? क्या आमंत्रित होना अपने आप में कोई उपलब्धि है, जिसे सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना जरूरी हो गया है?

- Advertisement -

विडंबना देखिए, समाज में आज भी ऐसे लोग हैं जिनकी बेटियों की शादी आर्थिक अभाव के कारण मुश्किल से हो पाती है। ऐसे में शादी के निमंत्रण पत्र को लेकर यह दिखावे की संस्कृति सामाजिक प्राथमिकताओं पर भी सवाल खड़े करती है।

न्योता मिला है या सिर्फ भीड़ का हिस्सा बनने का आमंत्रण?

सोशल मीडिया पर कार्ड साझा कर अपनी विशिष्टता जताने वालों को एक बात पर जरूर विचार करना चाहिए। इस शादी में लाखों लोगों को निमंत्रण भेजे जाने की चर्चा है। क्या आमंत्रित करने वाले अनंत सिंह उन तमाम लोगों को व्यक्तिगत रूप से जानते-पहचानते भी हैं? जाहिर है, कुछ चुनिंदा और करीबी लोगों को छोड़ दें तो बड़ी संख्या में आमंत्रित लोग ऐसे होंगे, जिनका मेजबान से कोई व्यक्तिगत परिचय तक नहीं होगा।

ऐसे में क्या महज निमंत्रण पत्र मिल जाना किसी खास रिश्ते, निकटता या सामाजिक हैसियत का प्रमाण हो सकता है? संभव है कि समारोह में ऐसे अनेक आमंत्रित लोग भीड़ का हिस्सा बनकर रह जाएं, जिनकी मौजूदगी को मेजबान व्यक्तिगत तौर पर शायद पहचान भी न सके। फिर ऐसे निमंत्रण पत्र को सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिष्ठा का प्रमाणपत्र बनाकर प्रदर्शित करने का औचित्य क्या है?

लोकतंत्र में रसूख का यह नया प्रदर्शन!

यहां सवाल अनंत सिंह या उनके परिवार की खुशी का नहीं है। सवाल उस मानसिकता का है, जो किसी व्यक्ति की सार्वजनिक हैसियत से प्रभावित होकर उसके सामान्य पारिवारिक निमंत्रण को भी असाधारण उपलब्धि में बदल देती है।

एक जनप्रतिनिधि की बेटी की शादी है। स्वाभाविक है कि उसमें राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र के अनेक लोग आमंत्रित होंगे। लेकिन लोकतंत्र में किसी जनप्रतिनिधि का निमंत्रण किसी को विशिष्ट नागरिक नहीं बना देता और न ही किसी प्रभावशाली व्यक्ति से परिचय सामाजिक श्रेष्ठता का प्रमाणपत्र हो सकता है।

शादी का कार्ड बांटना मेजबान का स्नेह है, उसे पाना आमंत्रित व्यक्ति का सौभाग्य हो सकता है, लेकिन उसे अपनी हैसियत का विज्ञापन बना देना निश्चित रूप से आत्ममंथन का विषय है।

फिलहाल, ‘छोटे सरकार’ की बेटी की शादी 25 नवंबर को होगी। बारात आएगी, मेहमान जुटेंगे, रस्में निभाई जाएंगी और खुशियां मनाई जाएंगी। लेकिन शादी से पहले सोशल मीडिया पर जो नजारा दिख रहा है, उसने एक अलग ही सवाल खड़ा कर दिया है।

लगता है, अब किसी बड़े आदमी के यहां से शादी का कार्ड मिलना भी स्टेटस सिंबल बन गया है। कार्ड देखकर लोगों का उत्साह ऐसा है, मानो अमेरिका के राष्ट्रपति ने खुद अपने हाथों से निमंत्रण भेजा हो!

- Advertisement -
अभय पाण्डेय
अभय पाण्डेयhttps://www.newsstump.com
अभय पाण्डेय एक युवा और प्रतिभाशाली पत्रकार हैं। देश के कई प्रतिष्ठित समाचार चैनलों, अखबारों और पत्रिकाओं में बतौर संवाददाता अपनी सेवाएं दे चुके अभय ने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUST) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अभय ने वर्ष 2004 में PTN News के साथ अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की थी। अपनी बेहतरीन रिपोर्टिंग और जमीनी पकड़ के दम पर उनकी कई खबरें राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोर चुकी हैं।

Related Articles

-Advertise with US-

लेटेस्ट न्यूज़

Intagram

108 Followers
Follow