Thursday, February 12, 2026

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक

-Advertise with US-

नई दिल्लीः जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे (Shinzo Abe) के निधन पर भारत में सम्मान स्वरूप शनिवार को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री  शिंजो आबे का शुक्रवार, 08 जुलाई 2022 को निधन हो गया। दिवंगत शिंजो आबे के सम्मान में, भारत सरकार ने निर्णय लिया है कि कल पूरे भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक होगा।

पूरे भारत में शोक के दिन राष्ट्रीय ध्वज उन सभी भवनों पर आधे पर झुके रहेंगे, जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराये जाते हैं और इस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन नहीं होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के दुःखद निधन पर गहरा शोक और दुःख व्यक्त किया है। मोदी ने आबे के साथ अपने संबंध एवं दोस्ती को भी रेखांकित किया और भारत-जापान संबंधों को एक विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी स्तर तक लाने में उनके महती योगदान की चर्चा की। मोदी ने शिंजो आबे के प्रति गहरा सम्मान दर्शाते हुए 9 जुलाई 2022 को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने टोक्यो में आबे शिंजो के साथ अपने हाल की बैठक की एक तस्वीर भी साझा की।

ट्वीट की एक श्रृंखला के माध्यम से, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं अपने सबसे प्रिय दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुःखद निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। वो एक महान वैश्विक राजनीतिज्ञ, एक उत्कृष्ट नेता और एक योग्य प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।”

उन्हों ने कहा,“आबे के साथ मेरे संबंध कई साल पुराने हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मेरा उनसे परिचय हुआ और मेरे प्रधानमंत्री बनने के बाद भी हमारी दोस्ती जारी रही। अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “मेरी हाल की जापान यात्रा के दौरान, मुझे आबे से एक बार फिर मिलने और कई मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिला। वो हमेशा की तरह विनोदपूर्ण और तीक्ष्ण थे। मुझे क्या पता था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी। मेरी हार्दिक संवेदनाएं उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आबे ने भारत-जापान संबंधों को एक विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी स्तर तक लाने में महती योगदान दिया। आज पूरा भारत जापान के साथ शोक मना रहा है और इस मुश्किल घड़ी में हम अपने जापानी भाइयों और बहनों के साथ खड़े हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी घोषणा की,“पूर्व प्रधानमंत्री आबे शिंजो के प्रति हमारे गहरे सम्मान के प्रतीक के रूप में, 9 जुलाई 2022 को एक-दिवसीय राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा।”

आबे के साथ एक तस्वीर साझा करते प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “टोक्यो में अपने प्रिय मित्र शिंजो आबे के साथ मेरी सबसे हालिया मुलाकात की एक तस्वीर साझा कर रहा हूं। भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने के प्रति हमेशा समर्पित रहे,  आबे ने अभी हाल में ही जापान-भारत एसोसिएशन के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला था।”

- Advertisement -
News Stump
News Stumphttps://www.newsstump.com
With the system... Against the system

Related Articles

-Advertise with US-

लेटेस्ट न्यूज़