जानिए देश के किन-किन राज्यों में कब तक लागू रहेगा लॉकडाउन

नई दिल्लीः देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर को नियंत्रित करने को लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और बिहार समेत कई राज्यों में लॉकडाउन लगाया गया है। समय-समय पर मौजूदा स्थिति की समिक्षा के बाद कई राज्यों ने इसकी अवधी बढ़ा दी गई है, वहीं कई राज्यों में कोरोना वायरस स्थितियों में सुधार के संकेत मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 36,18,458 रह गयी है और संक्रमण दर भी 16.98 प्रतिशत हो गई है।

लॉकडाउन के बाद दिल्ली में कोरोना मामलों में आई गिरावट

दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण पर लगाम लगाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में लागू लॉकडाउन की अवधि एक और सप्ताह बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संक्रमण से निपटने में अभी तक मिली सफलता पर अभी ढील देकर पानी नहीं फेरा जा सकता। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली पिछले कुछ दिन में कोरोना वायरस से उबरने के ”अच्छे स्तर” पर पहुंच गई है।

हरियाणा में 24 मई तक जारी रहेगा लॉकडाउन

हरियाणा सरकार ने रविवार को राज्य में कोरोना वायरस के प्रसार की रोकथाम के लिए लॉकडाउन को 24 मई तक बढ़ाने की  घोषणा की। राज्य में पहले से लागू लॉकडाउन को 17 मई से अगले एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है।

पश्चिम बंगाल में लॉकडाउन

पश्चिम बंगाल में 15 दिवसीय लॉकडाउन लागू होने के कारण राज्य में सड़कें सुनसान रहीं और केवल आवश्यक सामान ले जाने वाले वाहन सड़कों पर देखे गए। बसें और अन्य यात्री वाहन सड़कों से नदारद रहे और अनावश्यक वस्तुओं की दुकानें बंद रहीं। किराने की दुकानों के बाहर और स्थानीय बाजार में कुछ लोगों को मछलियां खरीदते देखा गया। राज्य में लॉकडाउन के दौरान तीन घंटे आवश्यक वस्तुओं की बिक्री की अनुमति दी गई है।

कोरोना से निपटने के लिए अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने लगाई पाबंदियां

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में लागू आंशिक कोरोना कर्फ्यू (लॉकडाउन) को सोमवार, 24 मई की सुबह सात बजे तक के लिए बढ़ा दिया है। बिहार ने 4 मई को 15 मई तक लॉकडाउन लगाया था जिसे अब 25 मई तक बढ़ा दिया गया है।ओडिशा में 5 मई से 19 मई तक 14 दिनों का लॉकडाउन है। राजस्थान ने राज्य में 10 से 24 मई तक सख्त लॉकडाउन लगाया है। झारखंड ने सख्त प्रावधानों के साथ लॉकडाउन जैसी पाबंदियों को 27 मई तक बढ़ा दिया है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने सभी 28 जिलों में अधिकारियों को कोरोना वायरस लॉकडाउन का विस्तार 31 मई तक करने के लिए कहा है। पंजाब ने रात का कर्फ्यू समेत राज्य में लागू कोविड संबंधी पाबंदियों को 31 मई तक विस्तार दिया है।चंडीगढ़ प्रशासन ने रात और सप्ताहांत कर्फ्यू पाबंदियां 18 मई तक बढ़ा दी हैं।

मध्य प्रदेश ने केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति के साथ 17 मई तक ‘जनता कर्फ्यू’ लगाया है, जबकि जिलों में अलग-अलग समय के लिए इसे बढ़ाया गया है। गुजरात ने 11 मई को 36 शहरों में रात के कर्फ्यू और अन्य दिन के समय की पाबंदियों को 18 मई तक बढ़ा दिया। महाराष्ट्र ने लॉकडाउन जैसी पाबंदियां 1 जून तक बढ़ा दी हैं। गोवा सरकार ने 9 मई से 24 मई तक कर्फ्यू लगाया है।

असम ने 12 मई को राज्य के शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में सभी कार्यालयों, धार्मिक स्थलों और साप्ताहिक बाजारों को 15 दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया। नागालैंड ने 14 मई से 21 मई तक सप्ताह भर के लिए पूर्ण लॉकडाउन लागू किया है। मिजोरम ने आइजोल और अन्य जिला मुख्यालयों में 10 मई से लागया गया लॉकडाउन को 24 मई तक बढ़ा दिया है।

अरुणाचल प्रदेश ने शनिवार से पूरे महीने के लिए शाम 6।30 बजे से सुबह 5 बजे तक रात का कर्फ्यू लगाया है। मणिपुर सरकार ने 8 मई से 17 मई तक सात जिलों में कर्फ्यू लगाया है। मेघालय ने सबसे अधिक प्रभावित पूर्वी खासी हिल्स जिले में लॉकडाउन 24 मई तक बढ़ा दिया है। सिक्किम सरकार ने 17 मई से 24 मई तक पूरे राज्य में पूर्ण लॉकडाउन करने का फैसला किया।

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 24 मई तक लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लगा दी हैं। उत्तराखंड ने 11 मई से 18 मई तक सख्त कोविड कर्फ्यू लगाया है। हिमाचल प्रदेश ने राज्य में कोरोना वायरस के चलते लागू कर्फ्यू 26 मई तक बढ़ा दिया है। केरल ने राज्य में 8 मई से लागू पूर्ण लॉकडाउन 23 मई तक बढ़ा दिया है। तमिलनाडु में 10 मई से 24 मई तक लॉकडाउन है। पुडुचेरी ने लॉकडाउन को 10 मई से 24 मई तक बढ़ा दिया है।

तेलंगाना ने 12 मई से 10 दिनों का लॉकडाउन लागू किया है। आंध्र प्रदेश ने 18 मई तक दोपहर 12 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाया है।

News Stump
News Stumphttps://www.newsstump.com
With the system... Against the system