Sunday, September 27, 2026

पुलिस की वर्दी में लूट की साजिश रच रहे पांच गिरफ्तार, हथियार और फर्जी पुलिस ID बरामद

शिवसागर में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पुलिस की कार्रवाई; दारोगा और कमांडो की वर्दी में मिले आरोपी, हथियार और फर्जी पुलिस पहचान पत्र समेत कई सामान बरामद

-Advertise with US-

रोहतास: पुलिस की वर्दी पहनकर लूट की योजना बना रहे पांच लोगों को रोहतास पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिवसागर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, पुलिस की वर्दी, फर्जी पुलिस ID और पुलिस से जुड़े कई सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक दारोगा और दूसरा बिहार पुलिस कमांडो की वर्दी पहने हुए था।

पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे शिवसागर थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हाईवे किनारे एक उजले रंग की कार में मौजूद हैं। सूचना थी कि ये लोग पुलिस का रूप धारण कर लूट की साजिश रच रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद सासाराम-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर एक चारपहिया वाहन को रोका और उसमें मौजूद पांच लोगों को हिरासत में लिया।

दारोगा की वर्दी में मिला एक आरोपी

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों में एक व्यक्ति दारोगा की वर्दी पहने हुए था। उसकी वर्दी पर RAJNISH SINGH लिखा हुआ था। पूछताछ के दौरान उसने पहले अपना नाम रजनीश सिंह बताया, लेकिन बाद में उसकी पहचान रजनीश कुमार के रूप में हुई।

वहीं, दूसरा व्यक्ति बिहार पुलिस कमांडो की वर्दी पहने हुए था। तीन अन्य लोग सिविल ड्रेस में थे। संदिग्धों से पहचान पत्र मांगे जाने के बाद पुलिस ने उनके सामान की तलाशी ली।

दो देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को दो देसी कट्टा .315 बोर और चार जिंदा .315 बोर कारतूस मिले। इसके अलावा 9 MM जैसी दिखने वाली एक Sound Gun/PKD Toy Gun भी बरामद की गई।

पुलिस ने पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन के साथ एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR01PQ3765 है। वाहन से UP32PA4516 नंबर की दो नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं।पुलिस की वर्दी, बोर्ड और फर्जी ID भी मिली।

आरोपियों के पास से पुलिस लिखा बोर्ड, पुलिस लिखा स्टीकर, पुलिस की सादी वर्दी और बिहार पुलिस का ID कार्ड बरामद किया गया। इसके अलावा आर्मी कलर की टोपी पर बिहार पुलिस का बैज, बिहार पुलिस के बैज वाली नीले रंग की टोपी और कमांडो पैटर्न की तिरंगा झंडे वाली टी-शर्ट भी मिली है।

पुलिस ने एक काला फूल-मंकी मास्क और POLICE CAUTION LED Light के साथ लगा छोटा अडॉप्टर भी बरामद किया है।

रोहतास और कैमूर के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण सिंह (36), दिवाकर कुमार सिंह उर्फ दिवाकर मौर्या (34), बीरेंद्र कुमार (35), ईशरार आलम उर्फ ईशराद आलम (38) और रजनीश कुमार (24) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रवीण सिंह शिवसागर थाना क्षेत्र के कोनार गांव का रहने वाला है। दिवाकर कुमार सिंह और बीरेंद्र कुमार कैमूर जिले के रहने वाले हैं। वहीं ईशरार आलम रोहतास के करगहर थाना क्षेत्र और रजनीश कुमार चेनारी थाना क्षेत्र का निवासी है।

दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक, ईशरार आलम उर्फ ईशराद आलम के खिलाफ करगहर थाने में मामला दर्ज है। वहीं दिवाकर कुमार सिंह उर्फ दिवाकर मौर्या के खिलाफ कैमूर के सवारा थाने में मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

पहले भी ऐसी वारदात की थी या नहीं, जांच जारी

शिवसागर पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 322/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी पुलिसकर्मी बनकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम दे चुके हैं या नहीं। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस साजिश में इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह जुड़ा हुआ है या नहीं।

शशि कान्त
शशि कान्तhttps://www1.newsstump.com
संवाददाता- रोहतास
-Advertise with US-

लेटेस्ट न्यूज़