पटनाः राज्यसभा चुनाव में बिहार के सभी पाँच NDA प्रत्याशियों की जीत से गठबंधन में खुशी और जोश की लहर है। परिणाम घोषित होने के बाद से ही लगातार बधाइयों और शुभकामनाओं का दौर चल रहा है। इस बीच बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक और गोविंदगंज से विधायक राजू तिवारी ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में विधायक दल के नेता के तौर पर उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों को पार्टी की ओर से बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
“पाँच का पंच” राष्ट्रविरोधी नीतियों के खिलाफ: राजू तिवारी
इस मौके पर राजू तिवारी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव परिणाम राष्ट्रविरोधी नीतियों के खिलाफ “पाँच का पंच” है। यह स्थिर और सशक्त सरकार का परिचायक है। इससे बिहार के विकास की रफ्तार और तेज होगी।
सुशासन और जनविश्वास की जीत
तिवारी ने कहा कि राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की यह जीत सुशासन, विकास और जनविश्वास की सशक्त अभिव्यक्ति है। जीतने वाले सभी प्रत्याशियों का अनुभव और नेतृत्व संसद में बिहार की आकांक्षाओं, विकास और समृद्धि की आवाज़ को और अधिक मजबूती देगा।
जनता के विश्वास की मुहर
तिवारी ने आगे कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि बिहार की जनता के विश्वास और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की मुहर है। NDA सरकार ने जिस तरह से बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में काम किया है, उसी का परिणाम है कि जनता और उसके प्रतिनिधियों ने एक बार फिर गठबंधन पर भरोसा जताया है।
केंद्र-राज्य समन्वय से बढ़ेगा विकास
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय से बिहार को विशेष योजनाओं और निवेश का लाभ मिलेगा। इससे न सिर्फ विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
“डबल इंजन सरकार” से नई ऊंचाइयों की ओर बिहार
राजू तिवारी ने यह भी भरोसा जताया कि NDA के सभी नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य संसद में बिहार के हितों को मजबूती से उठाएंगे और राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार” के सहयोग से बिहार अब तेजी से प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में इसका सकारात्मक असर हर वर्ग के जीवन में दिखाई देगा।
