अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट से दिल्ली आने वालों को 7-7 दिन इंस्टीट्यूशनल और होम क्वारेंटाइन अनिवार्य

नई दिल्ली: देश में तेजी से बढ़ते कोरोना आंकड़ों के बीच मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट पैसेंजर्स के लिए महत्वपूर्ण क्वारेंटाइन गाइडलाइंस जारी की गईं। गाइडलाइंस के मुताबिक, इंटरनेशनल फ्लाइट से दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों को 7 दिन इंस्टीट्यूशनल क्वारेंटाइन और 7 दिन होम क्वारैंटाइन रहना होगा।

क्वारेंटाइन का खर्चा यात्रियों को ही उठाना होगा। ऐसे में अगर यात्री दिल्ली-एनसीआर में रुकने का फैसला करता है तो उसे अनिवार्य रूप से हेल्थ स्क्रीनिंग से गुजरना होगा। इसमें एयरपोर्ट हेल्थ अधिकारियों द्वारा की जाने वाली प्राइमरी स्क्रीनिंग भी शामिल है।

बता दें देश में कोरोना मरीजों की संख्या 11 लाख 92 हजार 151 हो चुकी है। इनमें 7 लाख 52 हजार 205 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 28 हजार 763 मरीजों की मौत हो चुकी है। 4 लाख 10 हजार 404 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। ये आंकड़े http://www.covid19india.org के मुताबिक हैं।

अकेले गुजरात में मरीजों का आंकड़ा 50 हजार के पार

बात अकेले गुजरात की करें, तो यहां मरीजों का आंकड़ा मंगलवार को 50 हजार के पार हो गया। पिछले 24 घंटे में यहां 1,026 नए केस बढ़े। इसी के साथ मरीजों की संख्या अब 50,465 हो गई है। इसमें 36,504 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 11,761 लोगों का अभी इलाज चल रहा है। 2,200 लोगों की मौत हो चुकी है।