चुनाव में हार के बाद राजद और कांग्रेस के बीच सियासी महाभारत

पटना: बिहार में चुनाव परिणाम के बाद महागठबंधन में राजद—कांग्रेस के बीच महाघमासान छिड़ गया है। राजद ने अधिक सीट लेकर भी करारी हार के लिए राहुल को दोषी ठहराया है तो कांग्रेस ने भी उस पर करारा हमला किया है।

राजद-कांग्रेस में घमासान

राजद नेता शिवानंद तिवारी ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा था कि चुनाव में हार के लिए सीधे-सीधे कांग्रेस और राहुल गांधी को जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन 70 रैलियां भी नहीं की। राहुल गांधी तीन दिन के लिए आए जबकि प्रियंका गांधी तो आईं भी नहीं। उन्होंने कहा था कि जब बिहार में चुनाव अपने पूरे शबाब पर था, तब राहुल गांधी शिमला में प्रियंका गांधी के फार्म हाउस पर पिकनिक मना रहे थे।

कांग्रेस ने राजद को बतायी औकात

इसके बाद कांग्रेस खेमे में भूचाल आ गया। कांग्रेस के महासचिव और बिहार के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि क्या शिवानंद तिवारी नहीं जानते कि राजद जब भी कांग्रेस के बगैर चुनाव मैदान में उतरी तो उसका क्या हश्र हुआ। गोहिल ने शिवानंद तिवारी को बेहूदा बयान देने वाला आस्तीन का सांप करार दिया है।

राजद ने हमें सही सीट नहीं दी

गोहिल ने कहा कि सीट शेयरिंग में कांग्रेस को सही सीटें नहीं दी गयीं। गठबंधन धर्म निभाने के लिए कांग्रेस ने ऐसी सीटें स्वीकार की जहां पार्टी का उम्मीदवार पिछले 30-40 सालों में कभी नहीं जीता था। जहां कांग्रेस के पास मजबूत उम्मीदवार था उन सीटों को बार-बार आग्रह करने के बावजूद राजद ने कांग्रेस को नहीं दिया।

अजय वर्मा
अजय वर्मा
समाचार संपादक