रोहतासः दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जगह-जगह पंडालों और प्रतिमाओं का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इस बीच दशहरा के मौके पर डालमियानगर मैदान में होने वाले रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह, जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और एसपी राज ने मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और लोगों के आवागमन की तैयारियों का जायजा लिया। आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसे लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रावण दहन कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था तक सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया।
खेल और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए भी उपयोगी होगा मैदान
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डालमियानगर मैदान के भविष्य के उपयोग को लेकर भी बात कही। उन्होंने कहा कि मैदान स्थानीय लोगों, बच्चों और युवाओं के लिए उपलब्ध रहे, इसके लिए पहल की जाएगी।
इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। मैदान का उपयोग सार्वजनिक गतिविधियों के साथ खेलकूद और युवाओं से जुड़ी गतिविधियों के लिए भी किया जा सके, इस दिशा में पहल की जाएगी।
दशहरा के मौके पर डालमियानगर मैदान में रावण दहन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रशासन की ओर से आयोजन के दौरान सुरक्षा, भीड़ और आवागमन को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
