भारत में एक दिन में आये कोरोना पॉजिटिव के 45 हजार से अधिक मामले

नई दिल्ली: भारत में कोरोना पॉजिटिव के एक दिन में 45,720 मामले आने के बाद गुरूवार को देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 12 लाख पार कर गई। वहीं एक दिन में रिकॉर्ड 1,129 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 29,861 हो गई।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में तीन दिन के अंदर ही कोरोना संक्रमण के मामले 11 से 12 लाख के पार पहुंच गए हैं।
मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 12,38,635 हैं। इनमें से 7,82,606 ठीक हो चुके हैं। देश में अभी भी 4,26,167 मरीजों का इलाज चल रहा है।

ठीक होने की दर 63.18 प्रतिशत

देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने की दर 63.18 प्रतिशत है। कुल पुष्ट मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
आंकड़ों के अनुसार एक दिन में सामने आए 45,720 मामलों में से सबसे अधिक 10,576 मामले महाराष्ट्र के हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 5,849, कर्नाटक में 4,764,उत्तर प्रदेश में 2,300, पश्चिम बंगाल में 2,291, तेलंगाना में 1,554, बिहार में 1,417, असम में 1,390, दिल्ली में 1,227, ओडिशा में 1,078, केरल में 1,038 और गुजरात में 1,020 मामले सामने आए। पिछले 24 घंटे में कोरोना से मरने वालों में तमिलनाडु में 518, महाराष्ट्र में 280, आंध्र प्रदेश में 65, कर्नाटक में 55, पश्चिम बंगाल में 39, उत्तर प्रदेश में 34, दिल्ली में 29, गुजरात में 28, मध्य प्रदेश में 14, जम्मू-कश्मीर में 10, तेलंगाना और झारखंड में नौ-नौ, हरियाणा में आठ, असम, पंजाब तथा राजस्थान में छह-छह, ओडिशा में पांच, गोवा तथा उत्तराखंड में दो-दो, केरल, पुडुचेरी, त्रिपुरा और चंडीगढ़ में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

सबसे अधिक मौत महाराष्ट्र में

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 22 जुलाई तक देश में 1,50,75,369 नमूनों की जांच की गई है। इसमें से 3,50,823 टेस्ट बुधवार को की गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोविड-19 से होने वाली मौतों में महाराष्ट्र में 12,556, दिल्ली में 3,719, तमिलनाडु में 3,144, गुजरात में 2,224, कर्नाटक में 1,519, उत्तर प्रदेश में 1,263, पश्चिम बंगाल में 1,221, आंध्र प्रदेश में 823, मध्य प्रदेश में 770, राजस्थान में 583, तेलंगाना में 372, हरियाणा में 372, जम्मू कश्मीर में 273, पंजाब में 269, बिहार में 217, ओडिशा में 108, असम तथा झारखंड में 64, उत्तराखंड में 57 और केरल में 45 लोगों ने जान गंवाई।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महामारी से पुडुचेरी में 31, छत्तीसगढ़ में 29, गोवा में 28, चंडीगढ़ में 13, हिमाचल प्रदेश में 11, त्रिपुरा में नौ, मेघालय में चार, अरुणाचल प्रदेश में तीन और दादरा एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव, लद्दाख में दो-दो व्यक्ति की मौत हुई।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘‘हमारे आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों से मिलान किया जा रहा है।’’