Thursday, February 19, 2026

COVID-19 पर केंद्र सरकार गंभीर, पंजाब और चंडीगढ़ में भेजा केंद्रीय दल

-Advertise with US-

नई दिल्लीः स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में उच्च स्तरीय दो सदस्यीय केंद्रीय दल को तैनात करने का फैसला किया है। यह उच्च स्तरीय दल COVID-19 बीमारी से होने वाली मौतों की दर को कम करने और लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से नियंत्रण, निगरानी, ​​परीक्षण और इसके मरीज़ों के कुशल नैदानिक ​उपचार के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों को मजबूत करने में पंजाब और चंडीगढ़ की सहायता करेंगे। ये केंद्रीय दल कोरोना वायरस के संक्रमण का समय पर पहचान करने और इसके बाद उपचार से संबंधित चुनौतियों का प्रभावी ढंग से समाधान करने में मार्गदर्शन करेंगे।

दो सदस्यीय दलों में PGIMR चंडीगढ़ के एक सामुदायिक चिकित्सा विशेषज्ञ और NCDC के एक महामारी विशेषज्ञ शामिल होंगे। COVID के प्रबंधन में गहन मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए इन दलों को दस दिनों के लिए पंजाब राज्य और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में तैनात किया जाएगा।

बता दें पंजाब में कुल 60,013 मामले दर्ज किए गए हैं,जबकि आज की तारीख में वहां 15,731 सक्रिय मामले हैं। पंजाब में अब तक 1739 मौतें दर्ज की गई हैं। राज्य में प्रति दस लाख की आबादी पर 37546 लोगों का परीक्षण किया जा रहा है। वर्तमान में भारत में प्रति दस लाख की आबादी पर परीक्षण का औसत आंकड़ा 34593.1 है। राज्य में देश भर में कुल कोविड पॉजिटिविटी का लगभग 4.97%हिस्सा है जो कई राज्यों से कम है।

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में कोविड-19 के कुल 2095 सक्रिय मामले हैं, जबकि वहां अब तक कुल 5268 मामले सामने आ चुके हैं। प्रदेश में प्रति दस लाख की आबादी पर 38054 लोगों का परीक्षण हो रहा है और अब तक देश भर के कुल पॉजिटिविटी का यहां 11.99% हिस्सा है।

- Advertisement -

गौरतलब है कि केंद्र उन प्रदेशों में बहु-आयामी केंद्रीय दलों को तैनात कर सक्रिय रूप से मदद कर रहा है जहां COVID मामलों की संख्या में अचानक तेजी देखी जा रही है और जहां उच्च मृत्यु दर दर्ज की जा रही है। ऐसे कई केंद्रीय दलों ने पिछले महीनों में कई प्रदेशों का दौरा किया है। ये दल फिल्ड अफसरों से बातचीत करते हैं और उनके सामने आने वाली चुनौतियों और मुद्दों के बारे में सीधी जानकारी हासिल करते हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ऐसे कई प्रदेशों के संपर्क में है जहां पिछले दो दिनों से COVID-19 मामलों में तेज बढ़ोतरी देखी जा रही है और जहां कुछ जिलों में उच्च मृत्यु दर दर्ज की जा रही हैं। राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों को इस संक्रामक बीमारी के संचरण की श्रृंखला को तोड़ने और मृत्यु दर को एक फीसदी से कम पर रखने के लिए व्यापक उपाय करने की सलाह दी गई है।

- Advertisement -
News Stump
News Stumphttps://www.newsstump.com
With the system... Against the system

Related Articles

-Advertise with US-

लेटेस्ट न्यूज़

Intagram

108 Followers
Follow