रोहतास: जिले में चाकू से हमले में घायल 50 वर्षीय महिला रीता देवी की मौत हो गई। धर्मपुरा थाना क्षेत्र के रोपहथा गांव की रहने वाली रीता देवी गुरुवार दोपहर नावाडीह गांव के मोड़ स्थित तीनमुहानी के पास खून से लथपथ हालत में मिली थीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस हत्या के कारणों और कान की बाली छीनने की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतका की पहचान रोपहथा गांव निवासी मुन्ना राम की पत्नी रीता देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर वह पैदल कहीं जा रही थीं। उनके हाथ में एक झोला था, जिसमें थोड़ा चावल रखा हुआ था। इसी दौरान नावाडीह मोड़ के पास तीनमुहानी पर उन पर चाकू से हमला किया गया।
गंभीर रूप से घायल होकर गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें बरांव उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से एंबुलेंस के जरिए सासाराम ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया। हालांकि, मोहनिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
कान की बाली छीनने की आशंका, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि रीता देवी पर हमला कान की बाली छीनने के दौरान किया गया होगा। हालांकि, पुलिस-प्रशासन ने अब तक छिनतई की पुष्टि नहीं की है। घटना के पीछे लूटपाट की मंशा थी या किसी अन्य कारण से हमला किया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, वैज्ञानिक जांच के निर्देश
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ-2 संजीव कुमार, धर्मपुरा थानाध्यक्ष रविरंजन गुप्ता और नोखा थाने के अपर थानाध्यक्ष नवीन कुमार समेत पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। धर्मपुरा थानाध्यक्ष रविरंजन गुप्ता के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए टीम बुलाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला के साथ छिनतई हुई है या नहीं, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
नशेड़ियों के जमावड़े को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि नावाडीह मोड़ स्थित तीनमुहानी के पास नशा करने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। इसके बावजूद इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से इलाके में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। रीता देवी पर हमला किसने और किस वजह से किया, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
