Chandrayaan-3 की चांद पर सेफ लैंडिग, दुनिया भर से मिल रहीं भारत को बधाईयां

नई दिल्लीः बुधवार की शाम चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) ने चांद की सतह पर सेफ लैंडिग कर ली। इस गौरवशाली पल को लेकर जहां देश भर में खुशी का माहौल है, वहीं इस ऐतिहासिक सफलता के लिए विश्व भर से भारत को बधाईयां मिल रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई देने वाले सभी राष्ट्रों का आभार व्यक्त किया है।

भूटान के प्रपधानमंत्री लोटे तशरीर ने Chandrayan-3 की सेफ लैंडिंग पर ट्वीट कर अपने बधाई संदेश में लिखा, ‘नरेंद्रमोदी और भारत को बधाई! हम चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर आपके साथ खुश हैं। आप सभी की तरह, हमने भी उतनी ही घबराहट और उत्साह के साथ प्रार्थना की और सांसें रोक लीं, क्योंकि हम जानते हैं कि यह सिर्फ भारत के लिए नहीं है।‘

मालदीव गणराज्य के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने अपने बधाई संदेश में लिखा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई इसरो और भारत के लोगों को चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग के लिए धन्यवाद। एक साथी दक्षिण एशियाई राष्ट्र के रूप में, हमें इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व है- एक ऐसी उपलब्धि जो वैज्ञानिक और मानव प्रगति को आगे बढ़ाएगी।‘

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने लिखा, ‘मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और भारत की इसरो टीम को आज चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग और विज्ञान व अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर बधाई देता हूं।‘

नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने अपने शुभकामना संदेश में लिखा, ‘चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग करने के लिए भारत को बधाई! चंद्रयान-3 अंतरिक्ष की खोज में एक बड़ी उपलब्धि और महत्वपूर्ण कदम।‘

संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री तथा (यूएई) और दुबई अमीरात के शासक महामहिम शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने लिखा, ‘चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के लिए भारत में हमारे दोस्तों को बधाई। राष्ट्रों का निर्माण दृढ़ता से होता है, भारत इतिहास बनाता रहता है।‘

जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस ने लिखा, ‘जमैका, भारत सरकार और लोगों को उनके Chandrayaan-3 चंद्र मिशन की उल्लेखनीय सफलता पर बधाई देता है।‘

मेडागास्कर गणराज्य के राष्ट्रपति एंड्री राजोएलिना ने अपने बधाई संदेश में लिखा, ‘चंद्रयान3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ऐतिहासिक लैंडिंग की। मैं ऐसी अविश्वसनीय और अनुकरणीय उपलब्धि के लिए भारत को बधाई देना चाहता हूं। यह सफलता पूरी मानवता की है। प्रेरक शब्दों और नेतृत्व के लिए नरेंद्रमोदी को धन्यवाद।‘