Tuesday, September 29, 2026

दिनदहाड़े सड़क पर फायरिंग, कार में जबरन युवक! तेजस्वी बोले- ‘सम्राट चौधरी स्टाइल में अपहरण’

-Advertise with US-

पटनाः बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक वीडियो शेयर कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार पर सीधा हमला बोला है। वीडियो में कुछ लोग एक युवक को जबरन कार में बैठाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को लेकर तेजस्वी ने सरकार पर निशाना साधते हुए इसे “सम्राट चौधरी स्टाइल में दिनदहाड़े युवक का ‘अपहरण’” करार दिया है।

तेजस्वी यादव ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि बदमाशों ने पहले बाइक में टक्कर मारी और फिर फायरिंग करते हुए युवक को कार में डालकर कथित तौर पर अपहरण कर लिया। उन्होंने इसे बिहार में अपराधियों के कथित बढ़ते मनोबल से जोड़ते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए।

‘CM हमारे ही लीग का है…’

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर भी गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, “7 हत्याओं के आरोपी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं क्योंकि अपराधी भी जानते हैं कि CM हमारे ही ‘लीग’ का है।”

इसके साथ ही तेजस्वी ने सरकार के संभावित बचाव पर भी तंज कसा। उन्होंने लिखा कि इस मामले में सरकार के मंत्री अब “2005 से पूर्व का सूरज-चांद और जाति” ढूंढेंगे।

तेजस्वी की इस पोस्ट के सामने आने के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी बहस फिर तेज हो गई है। विपक्ष इस घटना को सरकार को घेरने के लिए इस्तेमाल कर रहा है, जबकि पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

सुपौल में हुई घटना, पुलिस ने बनाई कई टीमें

जिस घटना का वीडियो तेजस्वी यादव ने शेयर किया है, वह सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे-91 पर बेलागंज के पास की बताई जा रही है। घटना सोमवार, 28 सितंबर की है। जानकारी के मुताबिक, 20 वर्षीय मोहम्मद जीशान खान बाइक से जा रहा था, तभी कार सवार लोगों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद उसे कथित तौर पर जबरन कार में बैठाकर ले जाया गया। विरोध करने वालों की ओर फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किए जाने की बात कही है। युवक की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SDPO के नेतृत्व में विशेष टीम समेत कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और पुलिस घटना के कारण तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है।

फिलहाल युवक की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। वहीं, घटना का वीडियो सामने आने के बाद इस मामले ने कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक तापमान जरूर बढ़ा दिया है।

अभय पाण्डेय
अभय पाण्डेयhttps://www.newsstump.com
अभय पाण्डेय एक युवा और प्रतिभाशाली पत्रकार हैं। देश के कई प्रतिष्ठित समाचार चैनलों, अखबारों और पत्रिकाओं में बतौर संवाददाता अपनी सेवाएं दे चुके अभय ने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUST) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। अभय ने वर्ष 2004 में PTN News के साथ अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की थी। अपनी बेहतरीन रिपोर्टिंग और जमीनी पकड़ के दम पर उनकी कई खबरें राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोर चुकी हैं।
-Advertise with US-

लेटेस्ट न्यूज़