पटनाः उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह की मौजूदगी में बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (Bihar industries association) द्वारा राज्य के विभिन्न औद्योगिक संगठनों और उद्यमी प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण परिचर्चा आयोजित की गई। बैठक में बिहार के औद्योगिकीकरण, निवेश संवर्धन, रोजगार सृजन और उद्योग जगत से जुड़ी व्यवहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे उद्योग प्रतिनिधियों ने मंत्री के समक्ष अपने सुझाव और समस्याएं रखीं।
“ऊर्जावान नेतृत्व में आगे बढ़ेगा बिहार”
कार्यक्रम की शुरुआत Bihar industries association के अध्यक्ष रामलाल खेतान के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह को राज्य मंत्रिमंडल की सबसे युवा और ऊर्जावान सदस्य बताते हुए कहा कि उनकी सकारात्मक सोच और कार्यक्षमता को देखते हुए सरकार ने उन्हें उद्योग विभाग जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
“पांच लाख करोड़ निवेश लक्ष्य से मिलेगी नई रफ्तार”
रामलाल खेतान ने कहा कि बिहार इस समय औद्योगिक विकास के लिहाज से सकारात्मक दौर से गुजर रहा है। केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार होने से आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आगामी वर्षों में पांच लाख करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य तय किया है, जो बिहार के औद्योगिक इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि साबित हो सकता है।
“मौजूदा उद्यमी ही बिहार के ब्रांड एंबेसडर”
उन्होंने यह भी कहा कि नए निवेश और नए उद्योगों की स्थापना जितनी जरूरी है, उतना ही आवश्यक वर्तमान उद्योगों और उद्यमियों को मजबूत बनाए रखना भी है। उनके अनुसार, राज्य के मौजूदा उद्योग और उद्यमी ही बिहार के वास्तविक “ब्रांड एंबेसडर” हैं और यदि उन्हें सरकार का सहयोग एवं सकारात्मक वातावरण मिलेगा तो नए निवेशकों का भरोसा भी राज्य पर बढ़ेगा।
सरकार-उद्योग जगत के बीच संवाद पर जोर
बैठक में सरकार और उद्योग जगत के बीच लगातार संवाद की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। खेतान ने कहा कि अच्छी नीतियों के साथ-साथ उनका प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन भी जरूरी है।
उद्योग मंत्री ने दिया समाधान का भरोसा
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बिहार का औद्योगिकीकरण और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना है। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान उद्यमियों द्वारा उठाए गए मुद्दों और सुझावों को गंभीरता से नोट किया गया है। इन विषयों पर विभागीय समीक्षा कर जल्द ही अधिकारियों और उद्यमियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि व्यवहारिक समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।
मंत्री को सौंपा गया विस्तृत ज्ञापन
इस दौरान पुरुषोत्तम कुमार अग्रवाल ने उद्योग विकास और औद्योगिकीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर एक विस्तृत ज्ञापन मंत्री को सौंपा। वहीं विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उद्योग विकास और व्यापारिक समस्याओं को लेकर अपने विचार रखे।
बड़ी संख्या में पहुंचे उद्यमी प्रतिनिधि
कार्यक्रम का संचालन मनीष कुमार तिवारी ने किया, जबकि मंत्री का संक्षिप्त परिचय महेश जलान द्वारा प्रस्तुत किया गया। अंत में संगठन के महासचिव अमरनाथ जायसवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में राज्यभर से बड़ी संख्या में उद्यमी और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
