पटना: बिहार वेटरिनरी कॉलेज, पटना (Bihar Veterinary College, Patna) में मई माह के प्रथम सप्ताह से 6 दिवसीय मुफ्त पोल्ट्री प्रशिक्षण कार्यक्रम (Free poultry training) आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम खास तौर पर उन युवाओं, किसानों और उद्यमियों के लिए उपयोगी होगा जो मुर्गीपालन के क्षेत्र में अपना करियर या व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं।
आवेदन प्रक्रिया और सुविधाएं
कॉलेज प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म भरकर व्हाट्सएप नंबर 99390 16422 पर भेजना होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आवास, भोजन, पेन, कॉपी और संबंधित अध्ययन सामग्री पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इस कार्यक्रम की जानकारी विभागाध्यक्ष, पशु चिकित्सा रोग विज्ञान विभाग, प्रोफेसर डॉ. संजीव कुमार ने साझा की है।
प्रशिक्षण में क्या सिखाया जाएगा
कार्यक्रम पर विस्तृत जानकारी साझा करते हुए Dr. Sanjiv Kumar ने बताया कि इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को आधुनिक पोल्ट्री प्रबंधन, चूजों की देखभाल, संतुलित आहार, रोग नियंत्रण, टीकाकरण और विपणन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक कौशल भी सिखाया जाएगा।
मुर्गीपालन के लाभ
Dr. Sanjiv Kumar के मुताबिक मुर्गीपालन आज के समय में एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में तेजी से उभर रहा है। कम पूंजी में शुरू होने वाला यह व्यवसाय जल्दी आय देने वाला माना जाता है। इससे अंडा और मांस दोनों के माध्यम से नियमित आय प्राप्त की जा सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह रोजगार का एक मजबूत विकल्प बन चुका है, जहां महिलाएं और युवा आसानी से इसे अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
रोजगार के अवसर
रोजगार के दृष्टिकोण से देखें तो पोल्ट्री फार्मिंग में न केवल खुद का व्यवसाय शुरू किया जा सकता है, बल्कि इसमें फीड सप्लाई, दवा वितरण, ट्रांसपोर्ट और मार्केटिंग जैसे कई सहायक रोजगार भी पैदा होते हैं।
बिहार में मुर्गीपालन की स्थिति
बिहार में मुर्गीपालन की स्थिति धीरे-धीरे मजबूत हो रही है, हालांकि अभी भी राज्य को अंडा और चिकन की मांग पूरी करने के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना पड़ता है। सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से इस क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर उत्पादन बढ़े और लोगों को रोजगार मिल सके।
ऐसे में बिहार वेटरिनरी कॉलेज, पटना का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल कौशल विकास का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि राज्य में पोल्ट्री उद्योग को मजबूत बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

